IND vs ENG: ऋषभ पंत ने लगातार दूसरी पारी में शतक जड़कर रचा इतिहास, इंग्लैंड में ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने

IND vs ENG

IND vs ENG: पंत ने पहली पारी में 146 गेंदों पर अपना सातवां टेस्ट शतक पूरा किया था। अब इसमें सुधार करते हुए उन्होंने 130 गेंदों पर अपना आठवां टेस्ट शतक पूरा किया। इसके साथ ही पंत इंग्लैंड में टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

IND vs ENG: भारतीय टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत ने लगातार दूसरी पारी में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपनी जबरदस्त फॉर्म का परिचय देते हुए महज 130 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का आठवां शतक पूरा किया। इसके साथ ही पंत ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है।

पंत ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

IND vs ENG:पंत ने पहली पारी में 146 गेंदों पर अपना सातवां टेस्ट शतक पूरा किया था। अब इसमें सुधार करते हुए उन्होंने 130 गेंदों पर अपना आठवां टेस्ट शतक पूरा किया। इसके साथ ही पंत इंग्लैंड में टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन गए। इसके अलावा वे टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले सातवें भारतीय हैं।

भारत के लिए टेस्ट की हर एक पारी में शतक लगाने वाले बल्लेबाज

  • विजय हजारे
  • सुनील गावस्कर (3 बार किया ऐसा)
  • राहुल द्रविड़ (2 बार किया ऐसा)
  • विराट कोहली
  • अजिंक्य रहाणे
  • रोहित शर्मा
  • ऋषभ पंत

ऐसा करने वाले दूसरे विकेटकीपर बने पंत

इसके साथ ही पंत एंडी फ्लावर के बाद एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। जिम्बाब्वे के इस दिग्गज बल्लेबाज ने 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में नाबाद 142 रन और दूसरी पारी में 199 रन बनाए थे। अब पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 134 रन और दूसरी पारी में 118 रन बनाए।

पंत ने की फ्लिंटॉफ और स्टोक्स की बराबरी

IND vs ENG: 27 वर्षीय बल्लेबाज ने दूसरी पारी में 140 गेंदों का सामना किया और 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 118 रन बनाए। उन्होंने चौथे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 195 रनों की बड़ी साझेदारी की। जैक क्रॉले की गेंद पर शोएब बशीर ने उनका कैच लिया। पंत ने दोनों पारियों में कुल नौ छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड में खेले गए एक टेस्ट मैच में नौ छक्के लगाने वाले एंड्रयू फ्लिंटॉफ और बेन स्टोक्स की बराबरी कर ली। फ्लिंटॉफ ने यह कारनामा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एजबेस्टन (2005) में किया था जबकि बेन स्टोक्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लॉर्ड्स (2023) में कुल नौ छक्के लगाए थे।

इंग्लैंड में लगातार पांचवीं बार 50+ स्कोर बनाने वाले सातवें विदेशी बल्लेबाज बने पंत

IND vs ENG: पंत ने इससे पहले 83 गेंदों पर अपना सातवां अर्धशतक पूरा किया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार पांचवीं बार 50 से ज्यादा रन बनाए। वे इंग्लैंड में लगातार पांचवीं बार 50 से ज्यादा रन बनाने वाले सातवें विदेशी बल्लेबाज बन गए। इस मामले में स्टीव स्मिथ सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने सात बार यह कारनामा किया है।